क्या जलेगी विरोधियों की लंका -आ गयी है यूपी में बहन प्रियंका
अशोक सिंह विद्रोही /कर्मवीर त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश - पिछले 30 सालों से यूपी की सरजमी में बेहाल कांग्रेस के हाथ को प्रियंका का साथ मिला है। वहीं दूसरी तरफ जमीनी तौर पर सियासी गणित में माहिर माने जाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के जरिए प्रदेश कांग्रेस एक बार फिर अपनी बंजर सियासी जमीन को हरा भरा करने की जुगत में लग गई है।पार्टी महासचिव बनाए जाने के बाद पहली बार राजधानी आ रही प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिराज सिंधिया राहुल गांधी के साथ आज पहली बार लखनऊ में रोड शो के जरिए जनता की नब्ज टटोलेगे। रोड शो की तैयारियों को लेकर रविवार को पार्टी मुख्यालय नेहरू भवन में पत्रकार वार्ता का आयोजन भी किया गया।
करीब तीन दशकों से यूपी की सत्ता से कोसों दूर रहे कांग्रेस के दफ्तर में इन दिनों बसंती बयार छाई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाई राहुल गांधी की सियासत में नवनियुक्त महासचिव और बहन प्रियंका ने जान फूंकने का जिम्मा लिया है। आगामी आम चुनावों के दौरान पार्टी राहुल, प्रियंका तथा सिंधिया के जरिए यूपी में बड़ा धमाल करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी महासचिव बनाए जाने के बाद राजधानी में पहली बार राहुल के साथ प्रियंका तथा सिंधिया रोड शो करेंगे। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हलचल जारी है।
पार्टी कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक लखनऊ के कुल 40 जगहों पर कांग्रेस की युवा तिकड़ी के स्वागत की तैयारी पूरी की जा चुकी है। सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के का कहना है कि प्रियंका 4 से 6 जगह पर अपना संक्षिप्त भाषण भी दे सकती है। हालांकि जिला प्रशासन ने लालबाग में एक सभा को संबोधित करने की इजाजत दे दी है। वहीं रोड शो के इज़ाजत के बारे में पूछने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी का कहना है कि जिला प्रशासन ने रोड शो की अनुमति दे दी है। जिला प्रशासन तथा सुरक्षा से जुड़े एजेंसियों के बीच बैठकों का दौर भी जारी है।
गौरतलब है कि प्रियंका अपने 4 दिन के प्रवास के दौरान काफी व्यस्त रहेंगी। पहले दिन के रोड शो के बाद कांग्रेसी युवा तिकड़ी जनपदवार समीक्षा बैठकों के जरिए बेजान कांग्रेस की नब्ज टटोलने का काम करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर का कहना है कि पूर्वांचल प्रभारी के तौर पर प्रियंका गांधी वाड्रा को 42 तथा सिंधिया को 38 सीटों का जिम्मा सौंपा गया है।इन सीटो का हाल-चाल लेने के लिए पार्टी के स्थानीय व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं समेत जिला अध्यक्षों,पूर्व लोकसभा सदस्यों,विधायकों के साथ 45 से 60 मिनट तक की मुलाकात के दौरान स्थानीय स्तर पर कांग्रेसी बयार बहाने की रणनीति पर जोर आजमाइश की जाएगी। राज बब्बर ने कहा कि पार्लियामेंट्री बोर्ड की तर्ज पर पार्टी जनमानस की नब्ज टटोलने पर काम कर रही है।जिसके लिए जनमानस बोर्ड बनाया जाएगा। आगामी 18 फरवरी से पार्टी क्षेत्रीय स्तर पर जनता के बीच जाकर उनसे राय लेगी। जिसके आधार पर आगामी चुनाव में कांग्रेस बीजेपी को पटकनी देने की तैयारी मे है। रोड शो से संबंधित जानकारी देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला का कहना है कि आज सुबह तकरीबन साढ़े दस बजे अमौसी एयरपोर्ट पर आगमन के बाद प्रियंका, राहुल और सिंधिया लंबे काफिले के साथ राजधानी के नए और पुराने हिस्सों से गुजरते हुए तकरीबन 9 किलोमीटर के लंबे सफर के दौरान हजरतगंज से होकर नेहरू भवन स्थित पार्टी कार्यालय पहुँचेगे। कांग्रेसी युवा तिकड़ी के प्रस्तावित कार्यक्रम मे जान डालने के लिए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत दिल्ली से जितिन प्रसाद, राजीव शुक्ला, मुकुल वासनिक समेत प्रदेश काग्रेस के पीएल पुनिया, प्रमोद तिवारी ,दीपक सिं,ह अखिलेश सिंह ,राजेश मिश्र ,नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत पूर्व आईएएस अनीस अंसारी ने डेरा डाल रखा है। अपने 4 दिनी प्रवास के दौरान प्रियंका लखनऊ के पांच सितारा होटल ताज में आस्थाई ठिकाना बनाएंगी।

Comments
Post a Comment