*विकास भवन आइये तो पानी साथ लाइये!*
.
हरदोई। जी हां! चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में प्यास तो लगेगी ही, पर विकास भवन में आपको एक घूंट भी पानी नहीं मिलेगा। यहाँ सरकारी नल तो लगा है पर ख़राब है। लगभग 4 सालों से इस नल को दुरुस्त नहीं कराया गया है। जिस जिले के शीर्ष अधिकारियों की चौखट पर आपको पानी न मिले, तो फिर कहीं और उम्मीद कैसे की जा। सकती है। यहाँ विकास महकमे के मुखिया सीडीओ, डीडीओ समेत लगभग 13 दफ्तरों के जिलास्तरीय अधिकारियों के दफ्तर हैं, इस लिहाज से दूर दराज से आने वाले आम नागरिकों की संख्या भी पर्याप्त रहती है, पर उन्हें गला तर करने के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। ये तस्वीर विकास भवन स्थित जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) परिसर में लगे हैण्डपम्प की है। वैसे तो जनपद के विभिन्न स्थानों पर लगे सरकारी हैंडपंपो को दुरुस्त करने के लिए 5 करोड़ रूपये खर्च कर दिए गए, पर हैण्डपम्प सिर्फ कागजों पर ही सुधारे गए और सरकारी धन का बंदरबांट हो गया। इस हैण्डपम्प को देखकर आप आसानी से अंदाजा लगा सकते हैं कि जब प्रशासनिक दफ्तरों के हैण्डपम्प नहीं दुरुस्त हुए तो अन्य स्थानों पर कितने हैण्डपम्प बनाये गए होंगे।

Comments
Post a Comment